
मियामी। FIFA World Cup 2026 Fra-Eng: फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में पहुंचने का सपना टूटने के बाद अब फ्रांस और इंग्लैंड तीसरे स्थान के प्लेऑफ में आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला मियामी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच रात 2:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमों का लक्ष्य अब कांस्य पदक जीतकर टूर्नामेंट का अंत जीत के साथ करना है।
दोनों टीमों ने क्या कहा
फ्रांस के डिफेंडर इब्राहिमा कोनाटे ने कहा कि कोई भी खिलाड़ी तीसरे स्थान का मैच नहीं खेलना चाहता था, क्योंकि सभी का सपना फाइनल खेलना था। फिर भी यह विश्व कप का आधिकारिक मुकाबला है और टीम पूरी तैयारी के साथ उतरेगी।
इंग्लैंड के मुख्य कोच थॉमस टुकेल ने कहा कि उनकी टीम फाइनल नहीं खेल पाने से निराश है, लेकिन अब उसके पास पिछले 60 वर्षों का सर्वश्रेष्ठ विश्व कप प्रदर्शन करने का मौका है। उन्होंने माना कि अर्जेंटीना के खिलाफ टीम जरूरत से ज्यादा रक्षात्मक रही, लेकिन अपने फैसलों पर उन्हें कोई पछतावा नहीं है।
एम्बाप्पे और गोल्डन बूट की दौड़
फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे के नाम इस समय 8 गोल हैं। वह लियोनेल मेसी के बराबर हैं, लेकिन ज्यादा असिस्ट होने के कारण मेसी फिलहाल गोल्डन बूट की दौड़ में आगे हैं। इंग्लैंड के हैरी केन और जूड बेलिंगहम के खाते में 6-6 गोल हैं।
डेसचैम्प्स का आखिरी मैच
यह मुकाबला फ्रांस के मुख्य कोच डिडिएर डेसचैम्प्स का राष्ट्रीय टीम के साथ आखिरी मैच होगा। उनकी कोचिंग में फ्रांस ने 2018 विश्व कप जीता और 2022 में फाइनल खेला था।
कहां देखें मैच
फ्रांस और इंग्लैंड के बीच तीसरे स्थान का मुकाबला भारत में Unite8 Sport पर टीवी और ZEE5 ऐप पर लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए देखा जा सकेगा।






