
Muharram tazia: रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के हतनारा गांव में देर रात मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जुलूस में निकाला जा रहा ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे करंट फैलने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज सहित निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से पांच की हालत नाजुक बताई जा रही है।
Muharram tazia: ताजिए में फैला करंट, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11 बजे मेवाती मोहल्ले से ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। जैसे ही ताजिया आगे बढ़ा, वह करीब 15 फीट की ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। संपर्क होते ही ताजिए में लगी लोहे की रॉड में करंट दौड़ गया। ताजिया उठाकर चल रहे लोग तेज झटके के साथ जमीन पर गिर पड़े। बिजली की चिंगारी और धमाके के बाद मौके पर भगदड़ मच गई।
Muharram tazia: दो की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल जाते समय तोड़ा दम
हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में झुलसे 10 से अधिक लोगों को तत्काल मेडिकल कॉलेज और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।






