छत्तीसगढ़क्राइमराजनीति

नगर निगम में जमकर हुआ हंगामा, कांग्रेस-भाजपा के पार्षदों ने एक-दूसरे पर बरसाए लात-घूंसे

राजनांदगांव। नगर निगम में सामान्य सभा की बैठक में भाजपा और कांग्रेस के पार्षद के बीच मारपीट हो गई। सोमवार को निगम में सामान्य सभा की बैठक रखी गई, जिसमें 11 विषयों पर चर्चा हुई। सुबह साढ़े दस बजे से शुरू हुई बैठक की शुरुआत बहुत ही हंगामेदार रही।

शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सहित कर्मचारियों के वेतन भुगतान नहीं कर पाने को लेकर भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने निगम प्रशासन को घेरा। इस बीच भाजपा पार्षद गगन आइच के उद्बोधन को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद कुलबीर सिंह छाबड़ा ने आपत्ति की, जिसको लेकर दोनों दल के पार्षदों ने हंगामा कर दिया। उसके बाद सदन को 15 मिनट के लिए स्थगित किया गया।

 

पार्षद ने किया धरना

बसंतपुर राजीव नगर वार्ड के पार्षद ऋषि शास्त्री सदन से बाहर निकलकर सभाहाल के गेट के सामने ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने अपने वार्ड की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप निगम अधिकारियों पर लगाया।

पार्षदों के बीच हुई मारपीट

मध्यांतर के बाद सदन जैसे ही शुरू हुआ तिरंगा चौक से गंज चौक के बीच मार्ग के नामकरण को लेकर भाजपा और कांग्रेस पार्षद आपस में ही भिड़ गए। भाजपा पार्षद शरद सिन्हा और कांग्रेस पार्षद गणेश पवार के बीच हाथापाई हो गई। मारपीट के दौरान बीच बचाव करने वाले पार्षदों को भी धक्के खाने पड़े। गहमा गहमी जैसी स्थिति के बाद पुलिस निगम पहुंच गई। मारपीट के कारण सदन 20 मिनट स्थगित रहा। उसके बाद समझाइश देकर माहौल शांत कराया गया।

Related Articles

Back to top button