
CG News: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में सरकार धर्मांतरण के खिलाफ कानून बनाने के लिए छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रय विधेयक पेश करेगी। इसके साथ ही दो अन्य महत्वपूर्ण विधेयक भी सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे। सत्र के लिए अब तक 28 सौ से अधिक प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।
CG News: स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बजट सत्र की प्रस्तावित कार्यवाही की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सत्र के पहले दिन 23 फरवरी को दिवंगत पूर्व सदस्य दीनदयाल सिंह पोर्ते को श्रद्धांजलि दी जाएगी। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी, जबकि राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर 25 फरवरी को चर्चा होगी।
CG News: स्पीकर ने बताया कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी 24 फरवरी को दोपहर साढ़े 12 बजे बजट पेश करेंगे। 26 और 27 फरवरी को आय-व्यय पर सामान्य चर्चा होगी। इसके बाद 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
डॉ. सिंह ने बताया कि प्रशासकीय विधि-विषयक कार्यों के तहत तीन विधेयकों की सूचना प्राप्त हुई है। इनमें छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्र्य विधेयक, छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा (उपाय) प्रवर्तन विधेयक तथा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं से संबंधित एक अन्य विधेयक शामिल है।
CG News: कुल 2813 प्रश्न
सत्र के लिए सदस्यों की ओर से कुल 2813 प्रश्नों की सूचनाएं मिली हैं, जिनमें 1437 तारांकित और 1376 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 61 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, नियम 139 के तहत अतिविलंबनीय लोक महत्व के विषय पर चर्चा की एक सूचना, 13 अशासकीय संकल्प, 9 शून्यकाल सूचनाएं तथा 112 याचिकाएं भी प्राप्त हुई हैं।



