क्राइम

CG Double Murder : चरित्र पर शक ने लिया खूनी मोड़, पत्नी और युवक की फावड़े से हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

CG Double Murder : चरित्र पर शक बना दोहरे हत्याकांड की वजह! पत्नी और युवक की फावड़े से हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

सरगुजा, 21 अगस्त। CG Double Murder : सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी पति ने अपनी पत्नी और एक अन्य युवक पर फावड़े से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

एक रात, दो मौत और फिर गायब हो गया पति

मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसरपानी दारापारा का है। पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त की शाम सोमारू मझवार के घर में बेंजे बड़ा (35), नईहारो मझवार (32) और उसका पति बाबुलाल मझवार (35) मौजूद थे।

बताया गया कि तीनों शराब के नशे में आग ताप रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद सोमारू वहां से दूसरे घर चला गया।

अगली सुबह जब वह वापस लौटा तो घर के अंदर बेंजे बड़ा और नईहारो मझवार के शव पड़े मिले। दोनों के सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटना के बाद से बाबुलाल भी गायब था।

चरित्र पर संदेह को लेकर हुआ विवाद

पुलिस की जांच में सामने आया कि विवाद की मुख्य वजह पत्नी के चरित्र को लेकर आरोपी पति का संदेह था। पूछताछ में बाबुलाल ने पुलिस के सामने पत्नी और बेंजे बड़ा पर फावड़े से हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल फावड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं।

पुलिस ने ऐसे दबोचा आरोपी

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और सीतापुर एसडीओपी तुल सिंह पट्टावी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपी बाबुलाल मझवार की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

कोर्ट ने भेजा न्यायिक अभिरक्षा में

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए हैं।

Related Articles

Back to top button