कोरबा

Women’s Kabaddi World Cup : कोरबा की बेटी ने देश का नाम किया रोशन…! ईरान को हराकर फाइनल में पहुंचा…संजू देवी बनीं जीत की नायिका

भारतीय महिला कबड्डी का भविष्य चमकाने वाली संजू देवी

कोरबा, 25 नवंबर। Women’s Kabaddi World Cup : महिला कबड्डी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने इस बार ऐसा दमखम दिखाया है कि पूरे विश्व ने भारतीय खिलाड़ियों के जज़्बे और जुनून को सलाम किया है। रोमांच से भरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने शक्तिशाली ईरान को 33-21 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया और कबड्डी की दुनिया में नया इतिहास रच दिया।

इस ऐतिहासिक जीत की सबसे बड़ी नायिका रहीं कोरबा जिले के पाली विकासखंड के ग्राम केराकछार की प्रतिभाशाली खिलाड़ी संजू देवी, जिन्होंने पूरे मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नौ बेहद महत्वपूर्ण अंक अर्जित किए। संजू का संतुलित खेल, उनकी फुर्ती, जुझारूपन और निर्णायक क्षणों में धैर्य पूरे मैच में देखने लायक रहा।

दूसरा महिला कबड्डी वर्ल्ड कप इस समय बांग्लादेश की राजधानी ढाका में जारी है, जिसमें 11 देशों की टीमें भाग ले रही हैं। भारत अब फाइनल में चाइनीज ताइपे के खिलाफ भिड़ेगा। कबड्डी प्रेमी इस मुकाबले का रोमांच टी-स्पोर्ट्स के यूट्यूब चैनल पर लाइव देख सकेंगे।

लीग चरण से ही भारतीय टीम ने अपने प्रदर्शन से दबदबा बनाए रखा।

  • थाईलैंड को 65-20,
  • जर्मनी को 51-16,
  • मेजबान बांग्लादेश को 43-18,
  • और युगांडा को 63-22 से हराते हुए भारत ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।

इन सभी मुकाबलों के दौरान संजू देवी ने अपने बेहतरीन खेल से दर्शकों और विशेषज्ञों दोनों को चकित कर दिया। बांग्लादेश के खिलाफ एक ही रेड में 6 अंक लेना उनके करियर का सबसे यादगार क्षण माना जा रहा है।

युगांडा मैच के दौरान लगी चोट के बाद भी संजू ने हिम्मत नहीं हारी। दर्द के बावजूद उन्होंने सेमीफाइनल में शानदार वापसी करते हुए पहले डिफेंस में अंक हासिल किया, फिर लगातार 2-2 और एक रेड में अंक लेकर भारत की बढ़त को मजबूती दी।

संजू देवी का जज़्बा, साहस और खेल के प्रति समर्पण न केवल पाली, कोरबा और पूरे छत्तीसगढ़ का सम्मान बढ़ाता है, बल्कि वे आज भारत की नई प्रेरणा बनकर उभरी हैं। भारतीय महिला कबड्डी का भविष्य उनके जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के हाथों में बेहद उज्ज्वल नजर आ रहा है।

Related Articles

Back to top button