
Raipur। राजधानी रायपुर में प्रस्तावित एक हाई-प्रोफाइल “रेड रूम टेक्नो पार्टी” अब बड़े विवाद का कारण बनती जा रही है। सोशल मीडिया पर खुलेआम किए जा रहे भड़काऊ प्रमोशन, भारी-भरकम एंट्री फीस और कथित तौर पर नाबालिग लड़कियों के इस्तेमाल के आरोपों ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। मामला सामने आते ही पुलिस प्रशासन और सामाजिक संगठनों में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह पार्टी शुक्रवार शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर के चर्चित “फर्जी कैफे” में आयोजित की जानी है। आयोजन के लिए 8 हजार रुपए से लेकर 40 हजार रुपए तक की प्रीमियम बुकिंग कैटेगरी बनाई गई है। इतना ही नहीं, कलाकारों से “एक्सक्लूसिव मीट” के नाम पर भी अलग से रकम वसूले जाने की चर्चा है।
विवाद की सबसे बड़ी वजह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे प्रमोशनल वीडियो बने हैं। आरोप है कि इन वीडियो में नाबालिग लड़कियों को ग्लैमर और उत्तेजक अंदाज में पेश कर युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश की गई। वीडियो के कंटेंट को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
सूत्रों का दावा है कि पार्टी में नशे से जुड़े पदार्थों की भी आशंका जताई जा रही है। इसी वजह से आयोजन स्थल की अनुमति, सुरक्षा इंतजाम और कानूनी प्रक्रिया पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो राजधानी में इस तरह की पार्टियां गलत संदेश दे सकती हैं।
स्थानीय सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने इस आयोजन को छत्तीसगढ़ की संस्कृति और सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि मनोरंजन के नाम पर अश्लीलता और कथित अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देना समाज के लिए खतरनाक संकेत है।
मामले को लेकर पुलिस भी अब सक्रिय हो गई है। ACP रमाकांत साहू ने कहा कि इस तरह के आयोजन की पूर्व सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी प्रकार की अवैध, अश्लील या कानून-विरुद्ध गतिविधि न होने पाए।



