छत्तीसगढ़

Bhilai CBI Raid : भिलाई-3 रेलवे PP यार्ड में CBI की छापेमारी…! वरिष्ठ अधिकारी का चेंबर सील…ठेकेदार की शिकायत से मचा हड़कंप

ठेकेदार की शिकायत पर पहुंची CBI

भिलाई, 14 अगस्त। Bhilai CBI Raid : दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित रेलवे के PP यार्ड में गुरुवार देर शाम CBI की छापामार कार्रवाई से हड़कंप मच गया। दिल्ली से पहुंची केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने यार्ड में देर रात तक दस्तावेजों, फाइलों और रिकॉर्ड की जांच की। कार्रवाई के दौरान रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के चेंबर को सील किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एक ठेकेदार की शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत में बिल पास करने के एवज में कथित तौर पर बड़ी रकम मांगने का आरोप लगाया गया है।

ठेकेदार की शिकायत पर पहुंची CBI

सूत्रों के मुताबिक PP यार्ड में पदस्थ एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी के खिलाफ एक ठेकेदार ने CBI से शिकायत की थी। आरोप है कि ठेकेदार के बिल को पास करने के बदले कथित तौर पर रकम की मांग की गई। शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच के लिए टीम भिलाई पहुंची। टीम ने यार्ड में पहुंचकर संबंधित कार्यालयों और रिकॉर्ड की जांच शुरू की।

सीनियर डीएमई का चेंबर सील

CBI की कार्रवाई के दौरान सीनियर डीएमई के. अनमोल उईके के चेंबर को सील किए जाने की जानकारी सामने आई है। टीम ने कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, फाइलों और अन्य संबंधित रिकॉर्ड को खंगाला। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों और रिकॉर्ड की भी पड़ताल की गई है।

दिल्ली से पहुंची टीम, देर रात तक चली जांच

जानकारी के मुताबिक CBI की टीम गुरुवार देर शाम दिल्ली से भिलाई पहुंची थी। इसके बाद PP यार्ड में कार्रवाई शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे CBI की टीम दोबारा कार्यालय पहुंची और दस्तावेजों एवं संबंधित रिकॉर्ड की जांच शुरू की।

CBI की आधिकारिक जानकारी का इंतजार

CBI की कार्रवाई के बाद रेलवे विभाग में भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, अभी तक केंद्रीय जांच एजेंसी की ओर से मामले को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

फिलहाल CBI शिकायत और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। बिल पास करने के बदले रकम मांगने के आरोपों में कितनी सच्चाई है और मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

Related Articles

Back to top button