बालकोनगर, 07 जुलाई। BALCO Cyber Fraud Alert : भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (BALCO) ने अपने नाम, ब्रांड और सेवाओं का दुरुपयोग कर साइबर ठगी किए जाने की आशंका को लेकर नागरिकों, कर्मचारियों, व्यापारिक साझेदारों और हितधारकों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। कंपनी ने लोगों से केवल आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत ई-मेल के माध्यम से ही संपर्क करने की अपील की है।
फर्जी वेबसाइट और ई-मेल से ठगी की कोशिश
BALCO के अनुसार साइबर अपराधी कंपनी से मिलते-जुलते डोमेन, वेबसाइट और ई-मेल आईडी बनाकर लोगों को भ्रमित कर सकते हैं। इनका मकसद गोपनीय जानकारी, बैंकिंग डिटेल, व्यावसायिक जानकारी हासिल करना, मैलवेयर फैलाना या ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम देना हो सकता है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी फर्जी डोमेन, वेबसाइट या ई-मेल का BALCO से कोई संबंध नहीं है।
यही हैं BALCO के आधिकारिक माध्यम
BALCO ने बताया कि उसकी एकमात्र आधिकारिक वेबसाइट www.balcoindia.com है, जबकि कंपनी के सभी अधिकृत ई-मेल केवल @vedanta.co.in डोमेन से ही जारी किए जाते हैं।
यदि किसी वेबसाइट का पता इससे अलग हो या किसी ई-मेल का डोमेन @vedanta.co.in न हो, तो उसे संदिग्ध मानकर सतर्क रहें।
कंपनी ने क्या सलाह दी?
- किसी भी वेबसाइट या ई-मेल की पहले पुष्टि करें।
- गोपनीय, व्यक्तिगत, वित्तीय या व्यावसायिक जानकारी साझा करने से पहले सावधानी बरतें।
- BALCO से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें।
- संदिग्ध वेबसाइट, डोमेन या ई-मेल मिलने पर तुरंत BALCO की सुरक्षा टीम को सूचित करें।
कंपनी ने दी यह भी चेतावनी
BALCO ने स्पष्ट किया है कि किसी भी फर्जी वेबसाइट, डोमेन या ई-मेल के साथ लेन-देन या संपर्क के कारण होने वाले नुकसान के लिए कंपनी जिम्मेदार नहीं होगी। नागरिकों से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की गई है।












