BALCO Skill School : 15 साल में बदली 14 हजार से ज्यादा युवाओं की जिंदगी…! अब 15 हजार स्किल्ड यूथ का ऐतिहासिक लक्ष्य
हजारों युवाओं को मिला रोजगार का नया रास्ता
बालकोनगर, 21 जुलाई। BALCO Skill School : विश्व युवा कौशल दिवस 2026 के अवसर पर भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने वेदांता स्किल स्कूल की 15 वर्षों की सफल यात्रा का उत्सव मनाया। कार्यक्रम में कौशल विकास के जरिए युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने की उपलब्धियों को साझा किया गया। इस वर्ष विश्व युवा कौशल दिवस की थीम ‘साझा भविष्य के लिए कौशल’ रही।

कार्यक्रम में बालको के वरिष्ठ अधिकारी, समुदाय के प्रतिनिधि, पूर्व एवं वर्तमान प्रशिक्षु तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। सप्ताहभर आयोजित वाद-विवाद, कविता लेखन, पोस्टर मेकिंग, इंडोर गेम्स और एआई वीडियो निर्माण जैसी प्रतियोगिताओं में युवाओं ने अपनी रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और डिजिटल कौशल का प्रदर्शन किया।
समारोह में प्रशिक्षुओं ने लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एक पूर्व प्रशिक्षु की प्रेरणादायक जीवन यात्रा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही, जिसमें दिखाया गया कि कौशल प्रशिक्षण ने कैसे एक युवा का भविष्य बदल दिया।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से वेदांता स्किल स्कूल युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य समुदायों के सतत विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य में योगदान देना है।
इस अवसर पर वेल्डर और मोबाइल रिपेयरिंग ट्रेड में प्रशिक्षित 40 से अधिक युवाओं को प्लेसमेंट प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। साथ ही पीएम सूर्य घर सर्टिफिकेशन एंड स्किल अपग्रेडेशन कोर्स फॉर सोलर पीवी टेक्नीशियन की शुरुआत भी की गई। इस योजना के तहत 100 सोलर पीवी टेक्नीशियन को एक सप्ताह का प्रशिक्षण और प्रमाणन दिया जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रशिक्षण अवधि में 3,500 रुपये का भत्ता भी मिलेगा।
वर्ष 2010 में स्थापित वेदांता स्किल स्कूल अब तक 14 हजार से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दे चुका है और इस वर्ष 15 हजार प्रशिक्षित युवाओं का ऐतिहासिक आंकड़ा छूने की ओर अग्रसर है। यहां वेल्डिंग, इलेक्ट्रिकल, फिटर, सिलाई मशीन संचालन, फूड एंड बेवरेज सर्विस तथा सोलर पीवी इंस्टॉलेशन जैसे रोजगारपरक ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाता है। एनएसडीसी से मान्यता प्राप्त 5-स्टार स्मार्ट सेंटर के रूप में यह संस्थान उद्योगों की मांग के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित कर रहा है।






