कोरबा

CSEB Chowki : टीपी नगर में शराबी कार सवारों का हंगामा…! ऑटो चालक से मारपीट

ऑटो संघ पहुंचा तो बढ़ा विवाद

कोरबा, 26 फरवरी। CSEB Chowki : कोरबा के सीएसईबी चौकी क्षेत्र स्थित टीपी नगर मुख्य मार्ग पर सरेआम मारपीट की घटना सामने आई है। नशे में धुत दो कार सवार युवकों ने एक बाइक सवार ऑटो चालक के साथ विवाद कर दिया। युवकों का आरोप था कि बाइक ने उनकी कार को टक्कर मार दी है, जिसके बाद बहस देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

मौके पर जुटी भीड़, बढ़ता गया विवाद

घटना स्थल पर कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाइक सवार के ऑटो चालक होने की जानकारी मिलते ही ऑटो संघ के पदाधिकारी और राहगीर भी वहां पहुंच गए। इस दौरान कार सवार युवक ऑटो संघ के पदाधिकारियों से भी उलझते नजर आए और काफी देर तक सड़क पर हंगामा करते रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवक खुद को पुलिस अधिकारी का भतीजा बताकर धौंस जमाने की कोशिश कर रहा था, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया। मौजूद लोग युवकों को पकड़ने की कोशिश करते रहे, वहीं दोनों युवक लगातार बहस और ड्रामा करते रहे।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क पर हो रही बहस और धक्का-मुक्की साफ दिखाई दे रही है।

पुलिस पहुंची मौके पर, चौकी में हुआ समझौता

विवाद बढ़ता देख स्थानीय लोगों ने सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी लेकर गई, जहां उनसे पूछताछ की गई। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया।

पुलिस की ओर से किसी के खिलाफ औपचारिक कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि, क्षेत्रवासियों ने नशे में हंगामा करने वाले कार सवार युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button