Collector Inspection: कोरबा में 5.74 किमी सड़क का काम तेज होगा, कलेक्टर-एसपी ने मौके पर लिया जायजा; गुणवत्ता पर जोर

News Power Zone
3 Min Read
Collector Inspection:

कोरबा, 08 सितंबर। Collector Inspection: ध्यानचंद चौक से रूमगरा होते हुए बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा चौक से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का मंगलवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने पैदल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सड़क निर्माण की प्रगति, बारिश से प्रभावित हिस्सों और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों और वाहनों के आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए बेहतर डायवर्सन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

5.74 किमी लंबी सड़क, ₹29 करोड़ की स्वीकृति

ध्यानचंद चौक से बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक कुल 5.74 किलोमीटर लंबी टू-लेन सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए जिला खनिज न्यास (DMF) मद से करीब ₹29 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

कलेक्टर ने सड़क की गुणवत्ता का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बारिश से प्रभावित हिस्सों की भी जांच

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हालिया बारिश से प्रभावित सड़क के हिस्सों का भी जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण पूरा होने तक नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सड़क की स्थिति की नियमित निगरानी करने और जहां जरूरी हो, वहां तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी निरीक्षण

कलेक्टर और एसपी ने ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी निरीक्षण किया। पुल की सड़क की स्थिति और मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए।

रिसदा-बेलगिरी पुल के आसपास बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने तथा आवागमन सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। वहीं बजरंग चौक और परसाभाठा क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए उचित डायवर्सन तैयार करने के निर्देश दिए गए।

पुल मरम्मत का कार्य भी जल्द होगा शुरू

प्रशासन के अनुसार, ढेंगुरनाला और बेलगिरी पुल के मरम्मत कार्य के लिए कार्यादेश जारी किया जा चुका है और जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े, परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या, एसडीओ राकेश द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article