Korba Collector: कोरबा कलेक्टर का बड़ा एक्शन प्लान: निर्माण में गड़बड़ी पर FIR; अधिकारियों की तय होगी जिम्मेदारी

News Power Zone
4 Min Read
Korba Collector

कोरबा, 08 सितंबर। Korba Collector: जिले में चल रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित प्राक्कलन और स्वीकृत मापदंडों के अनुरूप ही कराए जाएं। गंभीर अनियमितता या घटिया सामग्री के इस्तेमाल की पुष्टि होने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज कराई जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के सीईओ और निर्माण कार्यों की क्रियान्वयन एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल सुनिश्चित करने और कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

गड़बड़ी मिली तो जिम्मेदारी तय होगी

कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मापदंडों का उल्लंघन अथवा गुणवत्ताविहीन सामग्री के उपयोग की शिकायत जांच में सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गंभीर अनियमितता सामने आने पर एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।

ग्राम पंचायतों के भुगतान में देरी पर भी कार्रवाई

कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों द्वारा निर्माण कार्य पूरा करने के बाद भुगतान संबंधी प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना ठोस कारण दस्तावेज या भुगतान संबंधी प्रकरण रोकने और भुगतान में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित लिपिक और जनपद सीईओ की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

सेजेस के अधूरे कार्य जल्द पूरे कराने के निर्देश

बैठक में कलेक्टर ने सेजेस के अपूर्ण निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की और उन्हें जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही समय-सीमा में लंबित प्रकरणों का विभागवार जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी मामलों का निर्धारित समय में निराकरण करने को कहा।

किसानों और युवाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के तहत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को इसके लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। मत्स्य पालन एवं पशुधन चिकित्सा विभाग को लक्ष्य के अनुरूप किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) तैयार कराने को कहा गया।

उन्होंने माय भारत पोर्टल से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने और प्रश्नोत्तरी आयोजित कराने के निर्देश भी दिए।

ड्रोन दीदी प्रशिक्षण पर जोर

कौशल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ड्रोन दीदी प्रशिक्षण समेत कृषि विज्ञान केंद्र के विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ उन्हें रोजगार और आजीविका से जोड़ने का प्रयास किया जाए।

ई-ऑफिस और बायोमेट्रिक अटेंडेंस अनिवार्य

कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को ई-एचआरएमएस और ई-ऑफिस पर अनिवार्य रूप से ऑनबोर्ड कराने के निर्देश दिए। ऑनलाइन बायोमेट्रिक उपस्थिति की समीक्षा करते हुए समय पर उपस्थिति दर्ज कराने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने नियमित रूप से समय पर कार्यालय पहुंचने वाले कर्मचारियों का रिकॉर्ड निकालकर उत्कृष्ट समयपालन करने वालों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन सहित अन्य महत्वपूर्ण लंबित पत्रों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इन प्रकरणों का जल्द निराकरण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

Share This Article