Korba Municipal Corporation: आयुक्त आशुतोष पांडेय के आदेश से राजस्व विभाग में बड़ा बदलाव, 7 अधिकारियों को मिली राजस्व निरीक्षक की जिम्मेदारी; 10 दिन में जॉइनिंग जरूरी।
कोरबा। Korba Municipal Corporation: कोरबा नगर निगम में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने राजस्व विभाग में पदस्थ 7 राजस्व उप निरीक्षकों को पदोन्नति देते हुए राजस्व निरीक्षक के पद पर नियुक्त किया है। पदोन्नति आदेश जारी होने के साथ ही संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारियां और पद भी बदल गए हैं।
भावेश यादव समेत 7 को मिला प्रमोशन
निगम प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक पुखराज सिंह यादव, संजय ठाकुर, मनोज केशरवानी, उत्तम प्रसाद राठौर, भावेश यादव, देव नारायण पैकरा और देवव्रत आदित्य को राजस्व निरीक्षक के पद पर पदोन्नति दी गई है।
यानी राजस्व उप निरीक्षक के पद से अब ये अधिकारी राजस्व निरीक्षक की नई भूमिका में नजर आएंगे।
10 दिन में संभालना होगा नया पद
पदोन्नति के साथ अधिकारियों के लिए समयसीमा भी तय की गई है। आदेश के मुताबिक संबंधित अधिकारियों को आदेश जारी होने की तारीख से 10 दिनों के भीतर पदोन्नत पद का कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य होगा।
यदि कोई अधिकारी निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करता है या पदोन्नति का परित्याग करता है, तो उसके मामले में अगले एक वर्ष तक पदोन्नति पर विचार नहीं किया जाएगा।
लेवल-07 में मिलेगा वेतनमान
पदोन्नत अधिकारियों को पुनरीक्षित वेतन संरचना के तहत वेतन मैट्रिक्स लेवल-07 में रखा गया है। यह पदोन्नति एक वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर रहेगी।
हालांकि पदोन्नति के बाद वेतन निर्धारण से जुड़े लाभ छत्तीसगढ़ राज्य संपरीक्षा, रायगढ़ से सत्यापन के बाद ही देय होंगे।
राजस्व विभाग में अब बढ़ेगी जिम्मेदारी
7 अधिकारियों के प्रमोशन के बाद निगम के राजस्व विभाग में जिम्मेदारियों का नया समीकरण बनेगा। राजस्व निरीक्षक के तौर पर अब इन अधिकारियों को पहले की तुलना में अधिक प्रशासनिक दायित्व संभालना होगा।
नगर निगम की राजस्व व्यवस्था में कर वसूली, संपत्ति संबंधी मामलों और अन्य राजस्व कार्यों के संचालन में इनकी भूमिका अहम रहेगी।
निगम प्रशासन के इस फैसले से राजस्व विभाग में पदानुसार जिम्मेदारियों का बंटवारा होने के साथ कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है।













