बिलासपुर, 31 अगस्त। Bilaspur Khaparganj Stone Pelting : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज इलाके में शुक्रवार देर शाम दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद जमकर पथराव हुआ। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों से कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद खपरगंज समेत आसपास के संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
युवकों के दो गुटों में शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम खपरगंज इलाके में युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
विवाद की जानकारी मिलने के बाद दोनों पक्षों के लोग मौके पर जुटने लगे। भीड़ बढ़ने के साथ ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई और अचानक पथराव शुरू हो गया। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
भीड़ को नियंत्रित करने छोड़े आंसू गैस के गोले
पथराव की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया।
पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के अलग-अलग थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। एसएसपी रजनेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
दो मामलों में 11 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, मामले में दो अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। अपराध क्रमांक 488/2026 में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें मौला बक्स उर्फ जूब्बू, शेख अजरूद्धीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सफीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाईक, रेहान अली उर्फ ईरानी और मो. जुनैद शामिल हैं।
वहीं अपराध क्रमांक 489/2026 में राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिंकु और छत्रपाल साहू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी
घटना के बाद खपरगंज के अलावा गोलबाजार, सदरबाजार और आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और इलाके की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि भीड़ को हटाकर इलाके में सामान्य स्थिति बहाल कर दी गई है। साथ ही पथराव और विवाद में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।












