रायपुर, 24 अगस्त। Raipur Double Murder Case : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार रात चाकूबाजी की दो अलग-अलग वारदातों ने सनसनी फैला दी। डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुई इन घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग बताए जा रहे हैं।
रायपुरा चौक पर विवाद के बाद चाकूबाजी
पहली घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के रायपुरा चौक की बताई जा रही है। मृतक की पहचान चंगोराभाठा निवासी टीकेंद्र देवांगन (20) के रूप में हुई है। वहीं निषादपारा रायपुरा निवासी कैलाश निषाद (20) गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात कैलाश अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान टीकेंद्र स्कूटी से वहां पहुंचा और उसका रास्ता रोक लिया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान टीकेंद्र ने कैलाश पर चाकू से हमला किया। इसके बाद बचाव के दौरान कैलाश ने कथित तौर पर टीकेंद्र से चाकू छीनकर उसी पर वार कर दिया। हमले में टीकेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं कैलाश की हालत गंभीर होने के कारण उसे एम्स रायपुर रेफर किया गया। पुलिस अब विवाद की असली वजह और घटनाक्रम की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
चंगोराभाठा में 20 वर्षीय युवक की हत्या
दूसरी वारदात डीडी नगर थाना क्षेत्र के श्रीराम नगर, चंगोराभाठा में हुई। यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा पर रात करीब 12:30 बजे कुछ स्थानीय युवकों ने कथित तौर पर आपसी रंजिश के चलते चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भोला को तत्काल मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
5 आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं कुछ अन्य आरोपियों के फरार होने की जानकारी है, जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हत्या के पीछे की वजह समेत पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
दो वारदातों से पुलिस की चुनौती बढ़ी
रविवार रात एक ही थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों को अलग-अलग एंगल से जांच रही है। फिलहाल एक मामले में गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दूसरे मामले में पुलिस घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।












