अमरावती, 24 अगस्त। Amravati NICU Fire : महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के NICU में सोमवार तड़के आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे के वक्त नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष में 39 बच्चों का इलाज चल रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग और धुआं फैलने की बात सामने आई है। हादसे में तीन नवजातों की मौत हो गई, जबकि छह बच्चों को बेहतर इलाज और निगरानी के लिए सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल शिफ्ट किया गया है।
सुबह 3:30 बजे NICU में हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में अचानक धमाका हुआ। इसके तुरंत बाद वार्ड में आग और धुआं फैल गया। प्रारंभिक जानकारी में वेंटिलेटर में धमाके को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
NICU में भर्ती थे 39 नवजात
घटना के वक्त NICU में कुल 39 नवजात भर्ती थे। आग और धुआं फैलते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर, नर्स और अन्य अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अस्पताल स्टाफ ने बड़ी संख्या में नवजातों को समय रहते वार्ड से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हालांकि, हादसे में तीन नवजात गंभीर रूप से झुलस गए और बाद में उनकी मौत हो गई।
6 नवजात सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल भेजे गए
रेस्क्यू किए गए बच्चों में से छह नवजातों को अतिरिक्त चिकित्सा निगरानी और उपचार के लिए सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल भेजा गया है। NICU में आग के कारण कई मेडिकल उपकरण और अन्य सामान के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि आग अस्पताल के अन्य हिस्सों तक नहीं फैली।
अस्पताल स्टाफ की तत्परता से कई बच्चों की जान बची
आग लगते ही डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने जिस तेजी से बच्चों को NICU से बाहर निकाला, उससे कई नवजातों को सुरक्षित बचाया जा सका। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा। हादसे की गंभीरता को देखते हुए आग लगने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।
छिंदवाड़ा में भी NICU में लगी थी आग
NICU में आग लगने की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में भी शनिवार तड़के इसी तरह की घटना हुई थी। जानकारी के मुताबिक, छिंदवाड़ा के NICU में करीब 1:50 बजे वार्मर के फिलामेंट से चिंगारी निकलने के बाद आग लगी थी। उस समय NICU में 33 नवजात मौजूद थे। हादसे में तीन नवजात झुलस गए, जबकि अस्पताल कर्मचारियों, नर्सों और सुरक्षा गार्डों ने बाकी 30 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।












