
कोरबा।Korba BJYM Congress Office Gherao वंदे मातरम् को लेकर छिड़े सियासी संग्राम के बीच रविवार को कोरबा में भाजपा युवा मोर्चा (BJYM) ने कांग्रेस जिला कार्यालय घेरने का प्रयास किया। प्रदर्शन को लेकर पहले से ही पुलिस ने TP नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी। भारी पुलिस बल के साथ कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई थी।
प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश करते नजर आए। इसी दौरान बैरिकेडिंग को लेकर भी जोर-आजमाइश हुई। बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश का VIDEO सामने आया है, जिसमें प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति नजर आ रही है।
हालांकि पुलिस ने सुरक्षा घेरा नहीं टूटने दिया और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसी बीच तेज बारिश ने पूरे प्रदर्शन का रंग ही बदल दिया। सियासी गर्मी के बीच आसमान से बरसे पानी ने माहौल को ठंडा कर दिया। यही वजह रही कि कोरबा की सियासत में आज बारिश को लोग मजाकिया अंदाज में ‘तीसरी पार्टी’ कहते नजर आए।
वंदे मातरम् विवाद से गरमाई कोरबा की सियासत
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान को लेकर BJYM ने कांग्रेस के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसी कड़ी में कोरबा में भी रविवार शाम 6 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौक स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय का घेराव प्रस्तावित था।
BJYM के पोस्टर में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे पर राष्ट्रगीत के सार्वजनिक अपमान का आरोप लगाया गया था। भाजपा युवा मोर्चा ने इस मुद्दे को राष्ट्रगीत और देश के सम्मान से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी।
पुलिस ने पहले ही तैयार कर दिया था सुरक्षा कवच
प्रदर्शन की घोषणा के बाद TP नगर कांग्रेस कार्यालय के आसपास पुलिस बल बढ़ा दिया गया था। प्रशासन को आशंका थी कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ सकते हैं। इसी को देखते हुए कार्यालय के आसपास मजबूत बैरिकेडिंग कर दी गई थी।
BJYM कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग के पास ही रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश का VIDEO अब चर्चा में है। हालांकि पुलिस सुरक्षा घेरे को पार करने में प्रदर्शनकारी सफल नहीं हो सके।
सियासी गर्मी के बीच बारिश ने बदला पूरा खेल
मौके पर एक तरफ नारेबाजी और विरोध का जोश था, दूसरी तरफ पुलिस की बैरिकेडिंग और भारी सुरक्षा बल। तभी बारिश ने दस्तक दी और देखते ही देखते प्रदर्शन स्थल पर पानी बरसने लगा।
यानी मुकाबला कुछ ऐसा था कि एक तरफ BJYM का जोश, दूसरी तरफ पुलिस की बैरिकेडिंग और तीसरी तरफ आसमान से बरसती बारिश। नतीजा, सियासी घेराव का तापमान बारिश ने खुद कम कर दिया।
VIDEO में दिखी बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश
प्रदर्शन के दौरान सामने आए वीडियो में कार्यकर्ताओं की भीड़ बैरिकेडिंग के करीब दिखाई दे रही है। बैरिकेडिंग को आगे बढ़ाने और सुरक्षा घेरे को पार करने की कोशिश होती नजर आ रही है। पुलिसकर्मी भीड़ को रोकते दिखाई दे रहे हैं।
फिलहाल वंदे मातरम् विवाद को लेकर कोरबा की सियासत में हलचल तेज है। BJYM के प्रदर्शन के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है।















