
कोरबा।Korba Congress Office Police Deployment स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान को लेकर अब कोरबा में सियासी संग्राम तेज होता नजर आ रहा है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसके मद्देनजर TP नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की सूचना है।
BJYM के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के आह्वान पर देशभर के जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यालयों के सामने विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी कड़ी में कोरबा में भी रविवार 16 अगस्त को शाम 6 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौक स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय का घेराव प्रस्तावित है।
BJYM के पोस्टर में कांग्रेस पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सार्वजनिक अपमान का आरोप लगाया गया है। पोस्टर में इसे राष्ट्रगीत और देश के अपमान से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है।
इधर, प्रदर्शन के ऐलान के बाद कांग्रेस कार्यालय के आसपास पुलिस की मौजूदगी बढ़ने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस और भाजपा युवा मोर्चा के आमने-सामने आने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।
BJYM ने प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर निर्धारित समय पर पहुंचने का आह्वान किया है। ऐसे में शाम को होने वाला प्रदर्शन कोरबा की सियासत में शक्ति प्रदर्शन का बड़ा मंच बन सकता है।














