कोरबा

Korba Breaking : बांगो डैम फुल होने की ओर…! 92.48% भर चुका जलाशय…कभी भी खुल सकते हैं गेट…हसदेव किनारे 33 गांवों में अलर्ट

गेट खुलते ही बढ़ सकता है हसदेव नदी का जलस्तर

कोरबा, 14 अगस्त। Korba Breaking : लगातार हो रही बारिश के बीच मिनीमाता बांगो जलाशय तेजी से भर रहा है। शुक्रवार रात 7:45 बजे जलाशय का जलभराव 92.48 प्रतिशत पहुंच गया। जलाशय में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। ऐसे में जलस्तर और बढ़ने पर मिनीमाता बांगो बांध के गेट कभी भी खोले जा सकते हैं।

जल संसाधन विभाग ने इसे लेकर अलर्ट जारी करते हुए हसदेव नदी के किनारे बाढ़ क्षेत्र में रहने वाले लोगों और संस्थानों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

गेट खुलते ही बढ़ सकता है हसदेव नदी का जलस्तर

कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती के अनुसार, वर्षाकाल में आवश्यकता पड़ने पर माचाडोली स्थित मिनीमाता बांगो बांध से हसदेव नदी में पानी छोड़ा जा सकता है। विभाग ने नदी किनारे बाढ़ क्षेत्र में मौजूद चल-अचल संपत्तियों को सुरक्षित स्थान पर हटाने की सूचना जारी की है।

खनिज खदानों, औद्योगिक इकाइयों और अन्य संस्थानों को भी अपनी परिसंपत्तियां बाढ़ क्षेत्र से बाहर करने के लिए कहा गया है।

विभाग ने साफ कहा, अचानक बाढ़ से नुकसान हुआ तो…

जल संसाधन विभाग ने चेतावनी दी है कि बांध से पानी छोड़े जाने अथवा अचानक बाढ़ की स्थिति में बाढ़ क्षेत्र में मौजूद संपत्तियों को नुकसान होने पर विभाग जिम्मेदार नहीं होगा। संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में मुनादी के जरिए चेतावनी देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

इन गांवों पर खास नजर

बाढ़ क्षेत्र में संभावित रूप से प्रभावित होने वाले गांवों में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडांड, डुगुपारा, टुंगुमांडा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोड़ा, हथमार, झोरा और सिरकीकला शामिल हैं।

जलाशय 92 प्रतिशत से अधिक भर चुका है और पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। ऐसे में आने वाले घंटों में बांगो बांध का जलस्तर प्रशासन और ग्रामीणों के लिए बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button