
कोरबा, 21 जुलाई। Hasdeo Barrage Darri 12 Number Gate Open लगातार हो रही बारिश के बीच हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए दर्री स्थित हसदेव बैराज का 12 नंबर गेट 4 फीट तक खोल दिया गया है। मंगलवार रात 8:00 बजे की स्थिति के अनुसार बैराज से कुल 6,268.90 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैराज का पॉन्ड लेवल 941.45 फीट दर्ज किया गया। इसमें बैराज से 5,483 क्यूसेक, राइट बैंक हेड रेगुलेटर (RBHR) से 264.42 क्यूसेक तथा लेफ्ट बैंक हेड रेगुलेटर (LBHR) से 521.48 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
जल निकासी बढ़ने के कारण हसदेव नदी के जलस्तर में और वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों और निचली बस्तियों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही लोगों को नदी में न उतरने, मछली पकड़ने या अनावश्यक रूप से तट के करीब जाने से बचने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने कहा है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और जलभराव बढ़ा, तो बैराज से पानी की निकासी में बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में नागरिकों से अपील है कि वे केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।






