
कोरबा। Korba Congress Protest अयोध्या श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे ने अब कोरबा की राजनीति भी गरमा दी है। सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी शहर ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में टीपी नगर चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर गंभीर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने नारेबाजी कर मामले की निष्पक्ष जांच और ट्रस्ट के जिम्मेदार पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि पूरे मामले में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई का दिखावा किया जा रहा है, जबकि ट्रस्ट के जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में पारदर्शिता जरूरी है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बचाया नहीं जाना चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने मांग की कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। उनका कहना था कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये के चढ़ावे, स्वर्ण जड़ित रामचरितमानस और चांदी से जुड़े कथित मामलों में केवल छोटे कर्मचारियों की भूमिका मानना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी ने देश के अन्य मंदिरों में सामने आए कथित अनियमितताओं का भी उल्लेख करते हुए धार्मिक संस्थानों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने भाजपा से जवाब मांगा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामलों में दोषियों को राजनीतिक संरक्षण क्यों दिया जा रहा है।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, ओबीसी प्रकोष्ठ, सेवादल और कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। टीपी नगर चौक पर काफी देर तक नारेबाजी होती रही।






