कोरबा

Police Action : कोरबा में गुंडागर्दी पर पुलिस का सबसे बड़ा प्रहार…! हत्या के प्रयास का केस दर्ज…आधी रात फ्लैग मार्च से अपराधियों में मचा खौफ VIDEO

पंप हाउस कॉलोनी मारपीट मामले में दोनों पक्षों पर हत्या के प्रयास का केस, रातभर चला फ्लैग मार्च


कोरबा, 13 जुलाई। Police Action : पंप हाउस कॉलोनी में हुई मारपीट और गुंडागर्दी की घटना के बाद कोरबा पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। दोनों पक्षों की शिकायतों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और धारा 191(3) (बलवा) जोड़कर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

देर रात सड़कों पर उतरी पुलिस 

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में शनिवार देर रात शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

संकरी गलियों तक पहुंची पुलिस 

कोतवाली प्रभारी प्रमोद डडसेना, प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा और सीएसईबी सहायता केंद्र प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंप हाउस कॉलोनी, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर और डीडीएम रोड सहित कई इलाकों में बाइक पेट्रोलिंग की। पुलिस उन गलियों तक भी पहुंची जहां चारपहिया वाहन नहीं पहुंच सकते।

देर रात बिना वजह घूम रहे युवकों से पूछताछ की गई, पहचान सत्यापित की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई।

पुलिस का साफ संदेश 

कोरबा पुलिस ने कहा कि अड्डेबाजी, हुड़दंग, असामाजिक गतिविधियों और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है।

अभिभावकों से भी की अपील

पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को शिक्षा और अच्छे संस्कार दें तथा उन्हें अपराध और गुंडागर्दी से दूर रखें। पुलिस का संदेश है- बच्चों को पढ़ाओ-लिखाओ, गुंडा न बनाओ। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाना/चौकी को दें।

Related Articles

Back to top button