Korba Politics: नकटी गांव बुलडोजर कार्रवाई पर कांग्रेस का हल्लाबोल, CM का पुतला फूंका… जयसिंह बोले, गरीबों का आशियाना उजाड़कर नहीं चाहिए विधायक कॉलोनी

कोरबा। Korba Congress Protest on Nakti Village Demolition रायपुर के माना क्षेत्र स्थित नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शुक्रवार को कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में बुधवारी बाजार स्थित गांधी प्रतिमा के सामने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर कार्रवाई को गरीब विरोधी बताया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि सरकार के निर्देश पर प्रशासन ने नकटी गांव में लोगों के मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। बरसात के मौसम में की गई इस कार्रवाई ने कई परिवारों को बेघर कर दिया, जिसका दर्द पूरे प्रदेश ने देखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विधायक कॉलोनी बनाने के नाम पर गरीबों का आशियाना उजाड़ रही है, जबकि स्वयं कई विधायकों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसका विरोध किया है और स्पष्ट कहा है कि गरीबों को बेघर कर बनाई जाने वाली विधायक कॉलोनी उन्हें स्वीकार नहीं है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार की यह कार्रवाई पूरी तरह असंवेदनशील है। विधायक कॉलोनी के लिए पूरे गांव को उजाड़ देना मानवता के खिलाफ है। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई के बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे मलबे पर रात बिताने को मजबूर हैं, जो सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी ने आरोप लगाया कि गांव के कई मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने थे, जबकि कुछ निर्माणाधीन थे। ग्रामीणों ने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी लगाकर घर बनाए थे और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई है, लेकिन एक प्रशासनिक कार्रवाई ने सब कुछ तबाह कर दिया।
इस विरोध प्रदर्शन में महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष गजानंद साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मुद्दे पर पुनर्विचार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






