BreakingFeaturedदेशराजनीति

राहुल गांधी पर शर्मिष्ठा मुखर्जी का निशाना, बोलीं- राजनीति 24×7 का काम, इवेंट्स के बाद हो जाते हैं गायब

नई दिल्ली।Sharmistha Mukherjee on Rahul Gandhi  पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी और कांग्रेस की पूर्व नेता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति कोई पार्ट-टाइम काम नहीं, बल्कि 24 घंटे और 365 दिन की जिम्मेदारी है। उनके अनुसार, राहुल गांधी कुछ बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों के बाद लंबे समय तक सक्रिय नहीं दिखते।

आईएएनएस से बातचीत में शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि वर्ष 2014 से, जब राहुल गांधी कांग्रेस के प्रमुख चेहरे के रूप में उभरे, तब से पार्टी लगातार कई चुनावों में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकी। हालांकि, उन्होंने माना कि भारत जोड़ो यात्रा का कांग्रेस को राजनीतिक लाभ मिला और 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने 99 सीटें जीतीं।

इवेंट्स के बाद राहुल गांधी हो जाते हैं गायब’

शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि राहुल गांधी कुछ समय तक जमीनी स्तर पर सक्रिय रहते हैं, लेकिन उसके बाद सार्वजनिक रूप से कम दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर भी उनकी सक्रियता नजर नहीं आई।

उन्होंने कहा, “राजनीति 24 घंटे, 365 दिन का काम है। आप कुछ रैलियां करें, लोगों से मिलें और फिर लंबे समय तक गायब हो जाएं, तो इस तरह राजनीति नहीं चलती।”

सिर्फ गठबंधन से चुनाव नहीं जीते जाते’

कांग्रेस की संगठनात्मक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए शर्मिष्ठा ने कहा कि पार्टी को गठबंधन की राजनीति पर निर्भर रहने के बजाय अपने संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब वह कांग्रेस में सक्रिय थीं, तब भी पार्टी का जोर गठबंधन बनाकर चुनाव जीतने पर अधिक रहता था, जबकि संगठन को मजबूत करने पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। उनके मुताबिक, कांग्रेस को अपने दम पर चुनाव जीतने की मानसिकता विकसित करनी होगी।

राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर भी उठाए सवाल

शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि लगातार चुनावी हार और संगठन को मजबूत करने में कमी राहुल गांधी के नेतृत्व पर भी सवाल खड़े करती है। उनके अनुसार, पार्टी का प्रमुख चेहरा होने के बावजूद राहुल गांधी कांग्रेस के लिए निर्णायक जनादेश हासिल नहीं कर पाए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को भविष्य में मजबूत विकल्प बनना है, तो उसे संगठन, कार्यकर्ताओं और जमीनी स्तर की राजनीति पर लगातार काम करना होगा।

Related Articles

Back to top button