Featuredक्राइमदेश

महिला वकील चला रही थी सेक्स रैकेट, ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस ने किया भंडाफोड़, 2 महिलाएं मुक्त

कल्याण: Kalyan Sex Racket Case महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण में पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल (AHTC) ने एक होटल में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए एक सीनियर महिला वकील को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान देह व्यापार में जबरन धकेली गईं दो महिलाओं को भी मुक्त कराया गया।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि कल्याण (पूर्व) के एक होटल में पिछले करीब तीन महीनों से एक महिला वकील कथित रूप से सेक्स रैकेट संचालित कर रही थी। आरोप है कि वह आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद महिलाओं का शोषण कर उन्हें इस धंधे में धकेल रही थी।

सूचना मिलने के बाद AHTC की टीम ने कई दिनों तक होटल पर निगरानी रखी। पुलिसकर्मी सामान्य ग्राहकों के रूप में होटल पहुंचे, चाय-नाश्ता ऑर्डर कर अंदर की गतिविधियों पर नजर रखी और पर्याप्त सबूत जुटाने के बाद शनिवार को छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला वकील को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी कल्याण और पनवेल की अदालतों में वकालत करती है। कार्रवाई में दो महिलाओं को भी रेस्क्यू किया गया।

कोलशेवाड़ी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर एस.जी. नाइक ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी कब से यह रैकेट चला रही थी, इसमें उसके साथ और कौन-कौन शामिल हैं, कितनी महिलाओं को इस धंधे में फंसाया गया और होटल मालिक की इसमें क्या भूमिका थी।

Related Articles

Back to top button