रायपुर, 21 जून। Employee Talent Show : छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी के केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर माहौल को संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को अपनी कला अभिव्यक्त करने का मंच उपलब्ध कराना तथा आपसी समन्वय, सौहार्द और सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक (उत्पादन) एस.के. कटियार, प्रबंध निदेशक (ट्रांसमिशन) आर.के. शुक्ला तथा प्रबंध निदेशक (डिस्ट्रीब्यूशन) भीम सिंह कंवर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और कार्यस्थल पर बेहतर सामंजस्य स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सांस्कृतिक संध्या में कंपनी के विभिन्न कार्यालयों एवं इकाइयों से कुल 25 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें 16 प्रतिभागियों ने गायन प्रतियोगिता में अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया, जबकि 9 प्रतिभागियों ने पारंपरिक एवं आधुनिक नृत्य शैलियों के जरिए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कार्यपालक निदेशक (वित्त) एम.एस. चौहान की प्रस्तुति रही। उन्होंने लोकप्रिय गीत ‘रूप तेरा मस्ताना’ की धुन को सैक्सोफोन पर प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं और कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
इस समावेशी आयोजन में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से लेकर कार्यपालक निदेशक स्तर तक के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मंच साझा किया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरे आयोजन का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही भविष्य में भी इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक के.एस. मनोठिया, संजय पटेल, मुख्य अभियंता प्रसन्ना गोसावी तथा मुख्य सुरक्षा अधिकारी श्रीनिवास राव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।