Fire at Tendu Warehouse : बीजापुर में तेंदूपत्ता गोदाम में लगी भीषण आग…! 18 हजार बोरे राख…10 करोड़ से ज्यादा का नुकसान

News Power Zone
2 Min Read
Fire at Tendu Warehouse

बीजापुर, 25 मई। Fire at Tendu Warehouse : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार दोपहर तेंदूपत्ता से भरे एक निजी गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तेंदूपत्ता के करीब 18 हजार बोरे जलकर राख हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में 10 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।

कुछ ही देर में धुएं से भर गया इलाका

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ईटपाल इलाके की है। जानकारी के मुताबिक वन विभाग ने तेंदूपत्ता भंडारण के लिए यह गोदाम किराए पर लिया था, जहां पिछले 10 दिनों में बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता स्टोर किया गया था। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक गोदाम में आग भड़क उठी। तेज गर्मी और सूखे मौसम के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते धुएं का विशाल गुबार पूरे इलाके में फैल गया।

मौके पर पहुंचीं कई एजेंसियां

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग, पुलिस, नगर पालिका और CRPF के जवान भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। गोदाम परिसर में खड़ी गाड़ियों को तत्काल बाहर निकाला गया।

10 करोड़ से ज्यादा नुकसान का अनुमान

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग में करीब 18 हजार बोरे जल गए हैं। इससे करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

बीजापुर के डीएफओ रमेश जांगड़े ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन और फायर ब्रिगेड को अलर्ट किया गया था। गोदाम में अग्निशमन यंत्र भी मौजूद थे, लेकिन भीषण आग के सामने वे प्रभावी साबित नहीं हो सके। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Share This Article