दुर्ग-भिलाई, 24 अगस्त। Bhilai Constable Suspended : भिलाई में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। कार्रवाई की जद में आए एक आरोपी को कथित तौर पर छुड़ाने और कार्रवाई नहीं करने के लिए प्रधान आरक्षक पर दबाव बनाने के आरोप में दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
आरोपी को छोड़ने के लिए दबाव बनाने का आरोप
जानकारी के मुताबिक प्रधान आरक्षक रामनारायण यदु सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान छावनी थाना के आरक्षक सोनू चौहान और खुर्सीपार थाना के आरक्षक चंद्रभान चौहान मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों आरक्षकों ने कार्रवाई की जद में आए एक व्यक्ति को छोड़ने के लिए प्रधान आरक्षक पर दबाव बनाया। इस दौरान प्रधान आरक्षक के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार भी किया गया।
प्रधान आरक्षक ने वरिष्ठ अधिकारियों को दी जानकारी
घटना के बाद प्रधान आरक्षक रामनारायण यदु ने पूरे मामले की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। उन्होंने थाना प्रभारी लक्ष्मण केंवट को घटनाक्रम से अवगत कराया। थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल को दी।
SSP का तत्काल एक्शन
मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी विजय अग्रवाल ने आरक्षक सोनू चौहान और चंद्रभान चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान दोनों आरक्षकों को रक्षित केंद्र, दुर्ग से संबद्ध किया गया है।
24 घंटे में जांच रिपोर्ट के निर्देश
एसएसपी ने रक्षित निरीक्षक को दोनों आरक्षकों के खिलाफ प्राथमिक जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जांच पूरी कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। फिलहाल पुलिस विभाग की कार्रवाई के बाद मामले की विभागीय जांच शुरू हो गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।












