यूपी

UP Storm Disaster : आंधी-तूफान ने ली 54 जानें…! भदोही में दर्दनाक मंजर…पेड़ गिरने से कई परिवार खत्म…यहां देखें

मिर्जापुर समेत कई जिलों में भारी तबाही

भदोही, 14 मई। UP Storm Disaster : उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और बारिश के चलते कई जिलों में पेड़ उखड़ गए, मकान ढह गए और बिजली के खंभे गिर पड़े। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 54 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा असर भदोही, प्रयागराज और मिर्जापुर जिलों में देखने को मिला। भदोही में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि प्रयागराज में 16 और मिर्जापुर में 10 लोगों ने जान गंवाई। फतेहपुर में 9, हरदोई में 2 तथा कानपुर देहात और कौशांबी में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई है।

पेड़ गिरने से कई परिवार खत्म

भदोही जिले में शाम करीब 5:30 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी और तूफान के चलते कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। सुरियावां थाना क्षेत्र के खरगसेनपट्टी गांव में एक पेड़ मकान पर गिर गया, जिससे एक महिला और उसकी दो बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं औराई थाना क्षेत्र में भी पेड़ गिरने से कई लोगों की जान चली गई। जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि जिले में 15 लोगों की मौत और 8 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है। इस आपदा में 16 मवेशियों की भी मौत हुई है।

मिर्जापुर समेत कई जिलों में भारी तबाही

मिर्जापुर जिले में तेज तूफान के कारण कई स्थानों पर पेड़, दीवारें और बिजली के खंभे गिर गए। प्रशासन के मुताबिक, सदर तहसील में 7 और चुनार तहसील में 3 लोगों की मौत हुई है। कई इलाकों में बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
प्रदेशभर में राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने और पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button