रायपुर

Jewellery Theft : रायपुर में ज्वेलर्स दुकान में लाखों की चोरी…! 10 घंटे में पुलिस ने किया बड़ा खुलासा…10 लाख के जेवर बरामद

300 CCTV खंगालते ही पुलिस पहुंच गई चोर तक

रायपुर, 12 मई। Jewellery Theft : राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

शटर के दोनों ताले टूटे मिले

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी वंश कुमार मुरपानी ने थाना खम्हारडीह में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह लोधीपारा रोड शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करता है। 9 मई की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद 11 मई की सुबह जब वह दुकान पहुंचे तो शटर के दोनों ताले टूटे मिले। अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और बिस्किट गायब थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने खुद मौके का निरीक्षण किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद 40 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और 50 से ज्यादा पुराने चोरी एवं नकबजनी के आरोपियों की तस्दीक की। तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने घटना के महज 10 घंटे के भीतर एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने थाना मंदिर हसौद क्षेत्र के हर्ष ज्वेलर्स में चोरी और अभनपुर क्षेत्र में एक ज्वेलर्स दुकान में चोरी के प्रयास की बात भी कबूल की है।

पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कई अन्य बड़ी चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल थाना खम्हारडीह में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button