Child Murder : कोरबा में दरिंदगी की हद पार…! 7 साल के मासूम से गलत हरकत के बाद हत्या

News Power Zone
3 Min Read
Child Murder
कोरबा, 05 अप्रैल। Child Murder : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डोंगानाला के आश्रित ग्राम गणेशपुर में 7 साल के मासूम के साथ पहले गलत हरकत की गई, फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने पहचान उजागर होने के डर से बच्चे के सिर पर पत्थर से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया और शव को 12 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, किसान शिवकुमार खुरसेंगा का 7 वर्षीय बेटा आयान 2 अप्रैल की दोपहर अपने दोस्तों के साथ गांव के तालाब में नहाने गया था। नहाने के बाद अन्य बच्चे तो घर लौट आए, लेकिन आयान लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान पता चला कि उसे आखिरी बार पड़ोस में रहने वाले रंजीत कुमार (19) के साथ देखा गया था।

शक के आधार पर आरोपी से पूछताछ

3 अप्रैल को भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो गांव में बैठक बुलाई गई। इस दौरान रंजीत से पूछताछ की गई, लेकिन वह गोलमोल जवाब देता रहा। 4 अप्रैल को थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने गांव पहुंचकर सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद आरोपी टूट गया और पूरी वारदात कबूल कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की हालत में तालाब पहुंचा था। वहां बच्चे को नहाते देख उसकी नीयत बिगड़ गई। वह बच्चे को बहलाकर सुनसान जगह ले गया और उसके साथ गलत हरकत करने लगा। जब बच्चे ने विरोध किया और शोर मचाने लगा, तो आरोपी घबरा गया। पोल खुलने के डर से उसने पास पड़े पत्थर से बच्चे के सिर पर चार बार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कुएं में छिपाया शव

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए शव को उठाकर पड़ोसी गांव करतली के एक खेत में बने कुएं में फेंक दिया और वापस गांव लौट आया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुएं से बच्चे का शव बरामद कर लिया।

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी रंजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
TAGGED:
Share This Article