Korba Lok Sabha MP : रेल सुविधाओं पर संसद में गरजी सांसद ज्योत्सना महंत…! बोले- 80% कमाई कोरबा से…सुविधाएं क्यों नहीं…?
मालगाड़ियों को प्राथमिकता पर सवाल, यात्री ट्रेनों के विस्तार की मांग
कोरबा, 18 मार्च। Korba Lok Sabha MP : कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने रेल बजट में अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान कोरबा क्षेत्र की रेल सुविधाओं की अनदेखी का मुद्दा जोरशोर से उठाया। उन्होंने कहा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को करीब 80 फीसदी राजस्व कोरबा से मिलता है, इसके बावजूद यहां के यात्रियों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
सांसद ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस क्षेत्र से रेलवे को इतनी बड़ी आय होती है, वहां यात्री सुविधाओं के लिए विशेष बजट प्रावधान क्यों नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कोरबा में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से बनी पिटलाइन को जल्द शुरू करने की मांग की और कहा कि इसके बिना नई यात्री ट्रेनों का संचालन संभव नहीं है।
उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जहां एक ओर वंदे भारत एक्सप्रेस के प्रचार पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं कोरबा में आम यात्रियों को लोकल ट्रेन के लिए 4-4 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है।
यात्री ट्रेनों के विस्तार की मांग
सांसद ने गेवरा-पेण्ड्रा रेल कॉरिडोर का कार्य 10 वर्षों में भी पूरा नहीं होने पर सवाल उठाया। साथ ही कोरबा-कटनी मार्ग पर सीधी ट्रेन न होने और कोरबा-राउरकेला रेल ट्रैक पर मालगाड़ियों के संचालन के बावजूद यात्री ट्रेनों की कमी को लेकर भी चिंता जताई।
उन्होंने चाम्पा और सक्ती रेलवे स्टेशन पर गीतांजलि एक्सप्रेस और अहमदाबाद एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। इसके अलावा नर्मदा एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और तिरूपति एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का विस्तार बिलासपुर से कोरबा तक करने की भी मांग रखी।
सांसद महंत ने कहा कि वर्तमान स्थिति में मालगाड़ियों को प्राथमिकता दिए जाने के कारण यात्री ट्रेनों को घंटों विलंबित किया जाता है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी होती है। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे केवल व्यावसायिक संस्था नहीं, बल्कि एक लोक कल्याणकारी सेवा है, और यात्रियों के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार कोरबा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द ठोस कदम उठाएगी।



