कोरबा

Fire in Hospital : कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में भीषण आग…! आधा दर्जन कंडम एंबुलेंस जलकर खाक

दमकल ने पाया काबू

कोरबा, 09 मार्च। Fire in Hospital : छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा परिसर में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिसकी चपेट में आकर परिसर में लंबे समय से खड़ी करीब आधा दर्जन कंडम एंबुलेंस और अन्य वाहन जलकर खाक हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मरीजों के परिजन, अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आग की तेज लपटें और घना धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अस्पताल परिसर में लंबे समय से पुरानी गाड़ियां और अन्य कबाड़ पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन कंडम वाहनों को हटाने की मांग पहले भी कई बार की गई थी, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते इन वाहनों को हटाया जाता तो ऐसी घटना की संभावना कम हो सकती थी। अस्पताल के डीन डॉ. के. के. सहारे ने बताया कि परिसर में खड़े कंडम वाहनों में आग लगने की घटना सामने आई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं। प्रशासन अब आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button