कोरबा। Bulldozer action in Darrikhar Korba होली से ठीक पहले दर्रीखार इलाके में प्रशासनिक कार्रवाई ने कई परिवारों की सुबह को हड़कंप में बदल दिया। सोमवार सुबह कटघोरा एसडीएम की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कथित कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। देखते ही देखते बुलडोजर चलने लगे और कई मकान जमींदोज कर दिए गए।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक कार्रवाई अचानक शुरू हुई, जिससे रहवासियों को सामान समेटने का भी पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। मकान टूटते ही महिलाओं और बच्चों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।
सूत्रों का कहना है कि दर्रीखार की जिस जमीन पर कब्जा हटाया गया, वह लंबे समय से विवादित बताई जा रही थी। इलाके की ज्यादातर जमीन कुछ कांग्रेसी नेताओं से जुड़ी होने की चर्चा भी स्थानीय स्तर पर हो रही है, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूर्व सूचना और राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर की गई है। वहीं प्रभावित परिवारों का आरोप है कि त्योहार से ठीक पहले की गई यह कार्रवाई अमानवीय है।
फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मामले को लेकर सियासी हलचल भी तेज होने की संभावना है।



