रायपुर

Navya Malik Case : विधानसभा में गूंजा ‘नव्या मलिक ड्रग केस’… भूपेश बघेल ने उठाए पारदर्शिता पर सवाल

भूपेश बघेल का सीधा सवाल- आरोपी सूची में नव्या मलिक का नाम क्यों नहीं?

रायपुर, 26 फरवरी। Navya Malik Case : छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में गुरुवार को ड्रग तस्करी का मुद्दा अचानक राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बहुचर्चित नव्या मलिक ड्रग केस का जिक्र करते हुए सरकार से सीधे सवाल किए और मामले की पारदर्शिता पर प्रश्न खड़े किए।

प्रश्नकाल के दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि नव्या मलिक का नाम पहले भी सामने आ चुका है और यह मामला प्रदेश में ड्रग नेटवर्क से जुड़े गंभीर मामलों में शामिल रहा है। ऐसे में जब सदन में ड्रग तस्करी से जुड़े आरोपियों की सूची प्रस्तुत की गई, तो उसमें नव्या मलिक का नाम क्यों शामिल नहीं है। उन्होंने पूछा कि क्या किसी आरोपी का नाम जानबूझकर छिपाया जा रहा है या फिर जांच प्रक्रिया में कोई कमी रह गई है।

सरकार से जवाब की मांग तेज

इस मुद्दे पर सदन का माहौल कुछ समय के लिए गंभीर हो गया। विपक्ष ने इसे केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि प्रदेश में ड्रग तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की गंभीरता से जोड़कर देखा। भूपेश बघेल ने कहा कि ड्रग तस्करी युवाओं के भविष्य से जुड़ा संवेदनशील विषय है और ऐसे मामलों में पूरी पारदर्शिता जरूरी है, ताकि कानून का समान रूप से पालन सुनिश्चित हो सके।

गृहमंत्री विजय शर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि सदन में दी गई जानकारी निर्धारित अवधि और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर प्रस्तुत की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नव्या मलिक से जुड़े मामले की जानकारी एकत्र कर सदन को अवगत कराया जाएगा। साथ ही कहा कि सरकार ड्रग तस्करी के मामलों को गंभीरता से ले रही है और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इस घटनाक्रम के बाद नव्या मलिक ड्रग केस विधानसभा के भीतर और बाहर चर्चा का विषय बन गया है। विपक्ष जहां स्पष्ट जवाब की मांग कर रहा है, वहीं सरकार का कहना है कि सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इस मामले में सरकार क्या विस्तृत जानकारी सामने लाती है।

 

Related Articles

Back to top button