Featuredदेशसामाजिक

प्लेन क्रैश: पहली उड़ान ही बन गई आखिरी, पति के पास जा रही नई नवेली दुल्हन खुशबू की खत्म हो गई जिंदगी

नई नवेली दुल्हन खुशबू की लंदन जाने की पहली उड़ान ही उसकी आखिरी बन गई. गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान AI-171 के भीषण हादसे में बालोतरा जिले की रहने वाली खुशबू की दर्दनाक मौत हो गई. पिता ने एयरपोर्ट पर बेटी को विदा करते हुए फोटो खिंचवाई थी, लेकिन कुछ ही देर में विमान के क्रैश होने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

गुजरात के अहमदाबाद में क्रैश हुए एअर इंडिया के विमान AI-171 में अब तक 265 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. इस भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. इस दुर्घटना में राजस्थान के बालोतरा जिले के अराबा गांव की रहने वाली 21 साल की नई नवेली दुल्हन खुशबू की भी मौत हो गई.

पहली बार पति के पास जा रही थी नई नवेली दुल्हन खुशबू

खुशबू अपने पिता मदन सिंह और चचेरे भाई के साथ लंदन जाने के लिए अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंची थी, जहां से उसे एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 से लंदन रवाना होना था. लेकिन फ्लाइट टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद क्रैश हो गई और खुशबू की जिंदगी भी उसी पल खत्म हो गई.

18 जनवरी को हुई थी शादी

खुशबू की शादी इसी साल 18 जनवरी को जोधपुर जिले के लूणी खाराबेरा गांव के रहने वाले डॉक्टर विपुल से हुई थी, जो लंदन में रहकर प्रैक्टिस करते हैं. शादी के बाद विपुल लंदन लौट गए थे और खुशबू कुछ महीनों तक पीहर और ससुराल में रही. अब वह लंदन में पति के पास जाने के लिए पहली बार विदेश यात्रा कर रही थी.

परिवार के अनुसार, रवाना होने से पहले खुशबू की आंखों में आंसू थे, मां से लिपटकर रोई थी. पिता मदन सिंह गांव में मिठाई की दुकान चलाते हैं और खेती करते हैं. चार बच्चों में खुशबू सबसे बड़ी थी.

उससे छोटी दो बहनें और एक भाई है. पिता के लिए यह हादसा किसी दुख के पहाड़ से कम नहीं है. इस हादसे ने नवविवाहिता के सपनों को चकनाचूर कर दिया और पिता की दुनिया उजाड़ दी. घटना के बाद गांव में शोक की लहर है.

Related Articles

Back to top button