BreakingFeaturedकोरबासामाजिक

VIDEO: कोरबा के मारुति क्लीन कोल प्लांट में ट्रांसफार्मर में भीषण आग, 300 मेगावाट यूनिट बंद, बिजली उत्पादन ठप

वेदांता हादसे के बाद फिर उठे औद्योगिक सुरक्षा पर सवाल, लाखों के नुकसान की आशंका

कोरबा। Fire at Maruti Clean Coal Plant in ऊर्जा नगरी कोरबा में एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। बांधाखार स्थित मारुति क्लीन कोल एंड पावर प्लांट में बुधवार देर रात करीब 1:45 बजे 300 मेगावाट यूनिट से जुड़े पावर ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर धुएं और आग की ऊंची लपटों से घिर गया, जिससे पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

Fire at Maruti Clean घटना के बाद एहतियातन यूनिट का संचालन तत्काल बंद कर दिया गया, जिसके चलते बिजली उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही प्लांट की सुरक्षा टीम और चाकाबुड़ा संयंत्र से दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि दूर से ही लपटें दिखाई दे रही थीं।

तकनीकी खराबी या ओवरलोडिंग?

घटना के बाद प्लांट प्रबंधन ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी या ओवरलोडिंग को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल वैकल्पिक पावर ट्रांसफार्मर जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश जारी है।

फिर कटघरे में औद्योगिक सुरक्षा

यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब कुछ समय पहले वेदांता पावर प्लांट में हुए भयावह बायलर विस्फोट की यादें अभी भी ताजा हैं। उस दर्दनाक हादसे में 25 मजदूरों की मौत हुई थी, जबकि कई श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए थे। हादसे के बाद उद्योगों में सुरक्षा मानकों को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाएं उन दावों की हकीकत उजागर कर रही हैं।

 

 

कोरबा में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के कई बड़े ताप विद्युत संयंत्र संचालित हैं। ऐसे में लगातार हो रहे हादसे श्रमिकों की सुरक्षा, तकनीकी निगरानी और आपदा प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button