
रायपुर। Pink Patrol School Security पुलिस की भूमिका केवल अपराधियों पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण तैयार करना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की पिंक पेट्रोल यूनिट स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार सक्रिय है।

महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पिंक पेट्रोल की टीमें सेंट्रल, नॉर्थ और वेस्ट तीनों जोन में प्रतिदिन स्कूल और कॉलेज खुलने तथा छुट्टी के समय नियमित पेट्रोलिंग कर रही हैं। इस दौरान शिक्षण संस्थानों और उनके आसपास विशेष निगरानी रखी जाती है, ताकि छात्र-छात्राएं बिना किसी भय के पढ़ाई कर सकें।

पेट्रोलिंग के दौरान स्कूल-कॉलेजों के बाहर अनावश्यक रूप से खड़े होकर छात्राओं को असहज करने वाले युवकों, भीड़ लगाने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को तत्काल हटाया जाता है। उनकी पहचान कर भविष्य में ऐसी हरकतें नहीं दोहराने की सख्त समझाइश दी जाती है। कुछ मामलों में सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराने के लिए उठक-बैठक कराकर चेतावनी भी दी गई।
रायपुर पुलिस के इस अभियान का सकारात्मक असर अब साफ दिखाई देने लगा है। स्कूल और कॉलेजों में छात्र-छात्राओं के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। वहीं, शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे सुरक्षित शैक्षणिक माहौल बनाने की दिशा में प्रभावी कदम बताया है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण तैयार करना भी है। इसी लक्ष्य के तहत पिंक पेट्रोल यूनिट नियमित पेट्रोलिंग के साथ जनजागरूकता और आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई भी कर रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।






