BreakingFeaturedकोरबासामाजिक

Korba News: CSEB मारपीट कांड के मुख्य आरोपी हरीश राव पर पुलिस का बड़ा एक्शन, जिलाबदर की तैयारी, अन्य आरोपियों की भी खंगाली जा रही कुंडली


कोरबा। Korba Police Action on Harish Rao जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने एक और बड़ा कदम उठाया है। सीएसईबी क्षेत्र में हुई चर्चित मारपीट की घटना के मुख्य आरोपी हरीश राव उर्फ गोलू के खिलाफ अब जिलाबदर (Externment) की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा एवं लोक सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 3 एवं 5 के तहत विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर जिला दंडाधिकारी कोरबा को भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले के आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने हरीश राव के आपराधिक रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद उसे जिले से बाहर किए जाने की प्रक्रिया शुरू की है।

14 आपराधिक मामले, 12 बार हो चुकी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हरीश राव उर्फ गोलू के खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत कुल 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ 12 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि लगातार कार्रवाई के बावजूद उसके आपराधिक व्यवहार में सुधार नहीं आया, जिसके चलते उसे पहले से ही गुंडा बदमाश के रूप में सूचीबद्ध किया गया था।

हाल ही में सीएसईबी क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना में उसकी कथित भूमिका को गंभीर मानते हुए अब जिलाबदर की कार्रवाई प्रारंभ की गई है।

अन्य आरोपियों की भी कुंडली खंगाल रही पुलिस

कोरबा पुलिस केवल मुख्य आरोपी तक ही सीमित नहीं है। सीएसईबी मारपीट कांड के अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक इतिहास मिलेगा, उन्हें गुंडा सूची और निगरानी बदमाश के रूप में दर्ज करने के साथ-साथ प्रतिबंधात्मक एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

पुलिस का बड़ा और कड़ा संदेश

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गुंडागर्दी, वर्चस्व की लड़ाई, हथियारों के दम पर दहशत फैलाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत ऐसे सभी अपराधियों के खिलाफ आगे भी लगातार कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल मिल सके।

Related Articles

Back to top button