न्यूज डेस्क। राजधानी भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला चर्चा में बना हुआ है. ट्विशा की मौत को सात दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक परिजनों ने शव नहीं लिया है. जिससे अंतिम संस्कार भी पूरा नहीं हुआ है. परिजनों ने सीएम हाउस के बाहर भी प्रदर्शन किया है. इस बीच सोशल मीडिया पर ट्विशा और उनकी करीबी दोस्त मीनाक्षी के बीच हुई आखिरी इंस्टाग्राम चैट वायरल हो रही है. इस चैट के सामने आने के बाद ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप और गहरे होते जा रहे हैं. वहीं इस घटना के बाद भोपाल पुलिस ने विशेष जांच दल यानि एसआईटी का गठन किया है. जो इस मामले में आगे की जांच करेगी. इससे पहले ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा और उनके परिजनों ने भोपाल में सीएम हाउस के बाहर प्रदर्शन किया था. जिसके बाद अधिकारियों ने अंदर बुलाकर उनसे चर्चा की थी.
ट्विशा शर्मा की चैट वायरल
ट्विशा शर्मा ने मौत से पहले अपनी दोस्त से बात की थी. जिसकी चैट वायरल हुई है. चैट में ट्विशा ने लिखा था ‘मैं फंस गई हूं यार, तू बस कभी मत फंसना. ज्यादा बात नहीं कर सकती, सही समय आने पर कॉल करूंगी.’ जिसके बाद सहेली ने भी ट्विशा को रिप्लाई में लिखा था ‘मुझे तुम्हारी बहुत चिंता हो रही है टुकटुक, मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं और हर हाल में तुम्हारे साथ हूं.”. बताया जा रहा है कि मीनाक्षी को जब अपनी सहेली ट्विशा की मौत की जानकारी लगी तो वह यह मैसेज पढ़कर भावुक हो गई थी. अब यह मैसेज सामने आया है. परिवार का दावा है कि शादी के बाद से ट्विशा लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का सामना कर रही थी.
नोएडा से भोपाल पहुंचे परिजन
ट्विशा के परिजन नोएडा में रहते हैं. ऐसे में उनके मौत के बाद से ही उनका पूरा परिवार भोपाल में है. रविवार को परिजन सीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गया और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई. ट्विशा के माता-पिता और उनका भाई, जो भारतीय सेना में मेजर हैं, उनका कहना है कि ट्विशा की हत्या की गई है और प्रभावशाली न्यायिक परिवार होने के कारण सबूत मिटाने की कोशिश की जा रही है. परिवार ने शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की भी मांग की है. जिसके बाद सीएम हाउस के अधिकारियों ने उनके परिजनों को प्रशासनिक मदद का आश्वासन दिया है.
11 और 12 मई की रात में हुई थी मौत
बताया जा रहा है कि 31 साल की ट्विशा शर्मा की मौत 11 और 12 मई की दरमियानी रात में हुई थी. वह भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी. सुबह इस मामले की जानकारी सबके सामने आई थी. ट्विशा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थी. ऐसे में मामले की जानकारी लगते ही उनके परिजन भोपाल पहुंचे थे. लेकिन अब तक परिजनों ने ट्विशा का अंतिम संस्कार नहीं किया है. क्योंकि परिजन इस मामले को हत्या बता रहे हैं. परिजनों का कहना है कि ट्विशा की पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में होना चाहिए.
2025 में हुई थी शादी
बता दें कि नोएडा की रहने वाली ट्विशा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के रहने वाले समर्थ सिंह से हुई थी. समर्थ की मां गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जिला जज हैं. समर्थ और ट्विशा की पहली मुलाकात साल 2024 में डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. नजदीकियां बढ़ीं और दिसंबर 2025 में प्रेम विवाह हुआ था. लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद रिश्तों में तनाव शुरू हो गया. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद ट्विशा को दहेज और घरेलू प्रताड़ना का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उसकी जान गई. ट्विशा के परिजनों ने मामले में ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मानसिक क्रूरता और शारीरिक शोषण के आरोप लगाए हैं.
एसआईटी गठित
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भोपाल पुलिस ने छह सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है. टीम की कमान एसीपी रजनीश कश्यप को सौंपी गई है. जांच दल में एक महिला अधिकारी को भी शामिल किया गया है. एसआईटी दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और मौत के बाद कथित रूप से सबूत मिटाने के आरोपों की विस्तृत जांच करेगी. पुलिस की कई टीमें मुख्य आरोपी समर्थ सिंह की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं. इस बीच कानूनी कार्रवाई भी तेज हो गई है. भोपाल की अदालत ने मृतका की सास और सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत दे दी है. वहीं पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर 18 मई को सुनवाई प्रस्तावित है. मामले में लगातार नए खुलासों और वायरल चैट के बाद ट्विशा शर्मा का मामला अब देशभर में चर्चा में बना हुआ है.



