रायपुर

MLA Fraud Case : विधायक पुरंदर मिश्रा साइबर ठगी का शिकार…! बड़े नेता के PA बनकर ऐंठे पैसे…मंदिर सेवक के जरिए मंगवाए पैसे

VIP भी सुरक्षित नहीं

रायपुर, 26 मई। MLA Fraud Case : रायपुर के पॉश इलाके खम्हारडीह से साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां MLA पुरंदर मिश्रा खुद ठगी का शिकार हो गए। शातिर ठग ने बीजेपी के एक बड़े नेता का पीए बनकर विधायक को फोन किया और डीजल के लिए तत्काल पैसों की जरूरत बताकर उन्हें झांसे में ले लिया।

सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने खुद को संगठन के वरिष्ठ नेता का निजी सहायक बताते हुए कहा कि गाड़ी में डीजल डलवाना है और तुरंत पैसों की आवश्यकता है। बातचीत के दौरान ठग ने इतनी सफाई से भरोसा दिलाया कि विधायक को शक तक नहीं हुआ। इसके बाद पुरंदर मिश्रा ने अपने पास से पैसे भेजने के बजाय जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा से आरोपी के खाते में दो बार में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा दिए।

पैसे मिलते ही आरोपी ने फोन बंद कर दिया। बाद में जब विधायक ने संबंधित बड़े नेता के यहां फोन कर जानकारी ली, तब पता चला कि ऐसा कोई कॉल वहां से किया ही नहीं गया था। ठगी का एहसास होते ही हड़कंप मच गया और मंदिर सेवक नारायण मिश्रा ने खमहरडीह पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर और बैंक अकाउंट की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि राजधानी में वीआईपी लोगों को निशाना बनाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले ही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक का आईफोन मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने छीन लिया था। अब विधायक से ठगी की घटना ने सुरक्षा और साइबर फ्रॉड को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

Related Articles

Back to top button