
वेब डेस्क। हुरुन इंडिया परोपकार लिस्ट 2025 में देश के सबसे बड़े दानवीर के रूप में एक बार फिर एचसीएल फाउंडर शिव नादर का नाम शीर्ष पर है। 80 वर्षीय नादर ने साल 2025 में कुल ₹2708 करोड़ का दान किया। उनके बाद मुकेश अंबानी फैमिली ₹626 करोड़ और बजाज फैमिली ₹446 करोड़ के दान के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रही।
पांच साल में चार बार नंबर वन
शिव नादर एंड फैमिली ने बीते पांच वर्षों में चार बार भारत में सबसे ज्यादा दान देने का रिकॉर्ड बनाया है। फोर्ब्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ 34.1 अरब डॉलर है, जिससे वे भारत के चौथे सबसे अमीर व्यक्ति हैं।
60 देशों में फैला HCL का नेटवर्क
शिव नादर ने 1976 में अपने पांच दोस्तों के साथ एचसीएल (HCL) की शुरुआत एक छोटे से गैरेज से की थी। शुरुआती दिनों में कंपनी कैलकुलेटर और माइक्रोप्रोसेसर बनाती थी। आज HCL टेक्नोलॉजीज का कारोबार 60 देशों में फैला है और 2.23 लाख से अधिक लोग इसमें काम करते हैं। 2020 में उन्होंने चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया और उनकी बेटी रोशनी नादर मल्होत्रा ने नेतृत्व संभाला।
कहां खर्च होता है दान
नादर परिवार द्वारा किया गया यह दान पिछले साल के मुकाबले 26% ज्यादा है। औसतन हर दिन उन्होंने करीब ₹7 करोड़ से अधिक राशि परोपकार में दी। ज्यादातर राशि शिव नादर फाउंडेशन के जरिए शिक्षा, कला और संस्कृति को बढ़ावा देने में खर्च की गई।
बढ़ रहा है भारत में परोपकार
एडेलगिव हुरुन इंडिया फिलैंथ्रोपी लिस्ट 2025 के अनुसार, देश के शीर्ष दानदाताओं ने इस साल सामूहिक रूप से ₹10,380 करोड़ दान दिए हैं। यह पिछले तीन वर्षों में परोपकार में 85% की वृद्धि को दर्शाता है — यानी अब भारत के अरबपति समाज के प्रति पहले से कहीं अधिक जिम्मेदारी निभा रहे हैं।



