Raigarh में कोसा साड़ी व्यापारी की अनोखी दंडवत रथ यात्रा, डेढ़ करोड़ की उधारी वसूली के लिए देवी मंदिरों में प्रार्थना

News Power Zone
2 Min Read
Raigarh

रायगढ़, 11 फरवरी। Raigarh छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक कोसा साड़ी व्यापारी द्वारा उधारी के पैसे वापस पाने के लिए शुरू की गई अनोखी दंडवत रथ यात्रा चर्चा का विषय बनी हुई है। करीब डेढ़ करोड़ रुपये बाजार में फंसे होने से परेशान व्यापारी मनोज देवांगन अपनी पत्नी और परिवार के साथ देवी मंदिरों में मत्था टेकते हुए उधारी की रकम वापस दिलाने की प्रार्थना कर रहा है।

व्यापारी ने एक रथ तैयार किया है, जिसमें मां काली की तस्वीर के साथ देनदारों की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। वह दंडवत करते हुए अलग-अलग मंदिरों तक पहुंच रहा है और ‘कर नापने’ की धार्मिक परंपरा के तहत अपनी मन्नत पूरी करने का संकल्प ले रहा है। मनोज देवांगन का दावा है कि मां काली ने उसे सपने में दर्शन देकर इस मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

पीड़ित व्यापारी के अनुसार वह पिछले 10-12 वर्षों से कोसा साड़ियों का थोक व्यापार कर रहा है और करीब 100 व्यापारियों के साथ उसका लेनदेन रहा है। उसका आरोप है कि रायगढ़ के छह व्यापारियों पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये बकाया हैं और कई बार मांगने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। आर्थिक संकट के कारण उसका परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है और उसके पिता को हार्ट अटैक भी आ चुका है।

मनोज देवांगन का कहना है कि उसने सिटी कोतवाली थाने में FIR दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन मामला व्यापारिक लेनदेन का बताकर शिकायत दर्ज नहीं की गई। उसने कुछ व्यापारियों को कानूनी नोटिस भी भेजे, जिन्हें लेने से इनकार कर दिया गया।

बुधवार को व्यापारी अपने परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। एएसपी ने मामले की जांच कर संबंधित व्यापारियों को बुलाकर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं पुलिस शहर में इस मामले को लेकर जांच में जुट गई है।

Share This Article