KORBA BREAKING: कलेक्टर ने RES  के सब इंजीनियर को लगाई फटकार..ठेकेदार को नोटिस जारी करने का  निर्देश

News Power Zone
3 Min Read

कोरबा, 11 फरवरी 2026।चैतमा में निर्माणाधीन चिकित्सक आवास के निरीक्षण के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया जब कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मौके पर ही गुणवत्ता में खामियां पकड़ लीं। दीवारों की जोड़ाई से लेकर अंदरूनी निर्माण तक बारीकी से जांच करते हुए उन्होंने कई जगह लापरवाही पाई और साफ शब्दों में नाराजगी जताई।

ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के इंजीनियर और संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाते हुए कलेक्टर ने कहा कि निर्माण में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दीवारों में मिली खामियों को तत्काल सुधारने और जरूरी ग्राउटिंग कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अन्य तकनीकी कमियों की दोबारा जांच कर गुणवत्तापूर्ण सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया।

मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने ठेकेदार राहुल शर्मा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साफ संदेश दिया गया कि काम समय-सीमा में और तय मानकों के अनुसार ही पूरा होगा।

इसके बाद कलेक्टर ने कटघोरा स्थित शासकीय पीजी कॉलेज में बन रहे अतिरिक्त कक्ष का भी निरीक्षण किया। यहां भी गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर देते हुए निर्माण एजेंसी को चेतावनी दी गई कि किसी भी तरह की देरी या लापरवाही पर कार्रवाई तय है।

उतरदा में पीडब्ल्यूडी द्वारा बन रहे ग्राम्य भारती हरदीबाजार कॉलेज भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य की रफ्तार पर सवाल उठाए और इसे समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कॉलेज परिसर में बाउंड्रीवाल और छात्रावास की मांग सामने आने पर प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा गया।

उत्तरदा-रेकी 8 किमी सड़क निर्माण का भी जायजा लिया गया। कलेक्टर ने कार्य में तेजी लाने और तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं छुरी-कटघोरा नेशनल हाईवे का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को साफ शब्दों में कहा गया कि प्रगति जमीन पर दिखनी चाहिए, फाइलों में नहीं।

कुल मिलाकर, निरीक्षण ने यह संकेत दे दिया है कि अब निर्माण कार्यों में ढिलाई पर सीधी कार्रवाई होगी। जिले में चल रहे प्रोजेक्ट्स पर प्रशासन की सख्ती साफ नजर आ रही हैचैतमा में घटिया निर्माण पर कलेक्टर का छापा, ठेकेदार को नोटिस के निर्देश दिए है।

 

 

Share This Article