
Hindu New Year 2026 Korba Shobha Yatra कोरबा। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर हिंदू नववर्ष के स्वागत को लेकर शहर पूरी तरह सजकर तैयार है। मुख्य मार्गों पर विद्युत झालरों और आकर्षक सजावट से कोरबा इन दिनों रोशनी में नहाया नजर आ रहा है। कोसाबाड़ी से सुभाष चौक, घंटाघर, बुधवारी, सीएसईबी चौक, टीपी नगर, सुनालिया और पावरहाउस रोड तक जगमगाती रोशनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। शहर के दोनों छोर पर अलग-अलग संगठनों ने सजावट की जिम्मेदारी संभाल रखी है, जिससे पूरा शहर उत्सव के रंग में डूब गया है।
Hindu New Year 2026 Korba हिंदू क्रांति सेना ने ट्रांसपोर्ट नगर से सीतामढ़ी तक करीब सात किलोमीटर क्षेत्र को भव्य लाइटिंग, झंडे और तोरण से सजा दिया है। वहीं बजरंग दल ने कोसाबाड़ी, निहारिका, बुधवारी चौक और सीएसईबी चौक क्षेत्र में जोरदार सजावट की है। दोनों ओर की तैयारियों ने शहर को एक साथ जोड़ते हुए नववर्ष के स्वागत का अनूठा माहौल तैयार कर दिया है। 19 मार्च को शहर के दोनों छोर से निकलने वाली 53 झांकियों से सजी भव्य शोभायात्रा इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में झांकियां एक साथ निकलेंगी, जिसे देखने के लिए लोगों में अभी से उत्सुकता बनी हुई है। सर्व हिंदू समाज के लोग बड़ी संख्या में एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा सीतामढ़ी स्थित श्री राम-जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद दोपहर तीन बजे से शुरू होगी। यह यात्रा सीतामढ़ी, पुराना बस स्टैंड, रेलवे क्रासिंग, पावरहाउस रोड होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर चौक से नया बस स्टैंड पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर प्रसाद वितरण और स्वागत की व्यवस्था की गई है। शोभायात्रा में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियां शामिल होंगी। शंखनाद दल की अगुवाई, लेजर शो और केरल के लोक नृत्य की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा विभिन्न संगठनों की झांकियां भी नववर्ष की परंपरा और सांस्कृतिक विविधता को दर्शाएंगी। आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता और सौहार्द का संदेश देना है। विभिन्न वर्गों और समुदायों के लोग मिलकर इस आयोजन में भागीदारी निभा रहे हैं। शहर में इस बार अन्य वर्षों की तुलना में ज्यादा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं, जो लोगों के उत्साह को दर्शाती हैं



