रायपुर

ED पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप…! थाने में शिकायत दर्ज

भूपेश बघेल और करीबियों के खिलाफ बयान देने के लिए दबाव बनाने का आरोप

रायपुर, 30 सितंबर। ED : राजधानी रायपुर के रोहणीपुरम स्थित कंचनगंगा कॉलोनी निवासी हेमंत चंद्राकर ने प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने रायपुर के कोतवाली थाने में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में हेमंत चंद्राकर ने बताया कि वह 29 सितंबर की सुबह 10:30 बजे ईडी कार्यालय रायपुर में पूछताछ के लिए पहुंचे थे। पूछताछ का यह सिलसिला रात 8:30 बजे तक चला, जिसके बाद उन्हें अगले दिन फिर से आने को कहा गया।

चंद्राकर का आरोप है कि पूछताछ के दौरान शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा उन पर यह दबाव बनाया गया कि वे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके कथित करीबियों के खिलाफ बयान दें। शिकायत के अनुसार, उनसे यह कबूल करने के लिए दबाव बनाया गया कि भूपेश बघेल से जुड़े लोग, विजय भाटिया, रामगोपाल अग्रवाल, आशीष वर्मा, मंदीप चावला, आदित्य अग्रवाल, शाश्वत जैन, किशोर चंद्राकर और सतपाल सिंह छाबड़ा ने कमीशन लेकर कार्य किए हैं।

चंद्राकर ने आरोप लगाया कि ईडी अधिकारी परिवार को भी धमकाते हुए अवैधानिक ढंग से बयान दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने थाना प्रभारी से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए ईडी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शिकायत ली, जांच की प्रक्रिया शुरू

कोतवाली पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है और कहा है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक ईडी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button