Featuredछत्तीसगढ़सामाजिक

रजनीगंधा को देख इतरा रहा गेंदा, शिखर पर मुस्कुरा रहा है गुलाब.. शहनाई की गूंज और चुनावी सरगर्मी से महका फूल बाजार

बिलासपुर । गेंदा इतरा रहा है क्योंकि एक साथ तीन खरीददार, खरीदी की कतार में हैं। ठीक पीछे ऐसे भी लोग हैं, जिन्हें रजनीगंधा की ही जरूरत है। मुस्कुरा रहा है गुलाब, यह सब देखकर क्योंकि उसकी जगह शिखर पर मजबूत है।

 

गुलजार है फूल बाजार। पहली बार तीसरी मांग ने भी दस्तक दे दी है। ऐसे में बड़ी मात्रा में उत्पादक क्षेत्र को आर्डर दिए जा रहे हैं। खास तौर पर गेंदा की बिक्री और खपत इस बार कीर्तिमान बना सकती है। प्रति किलो कीमत में आंशिक वृद्धि के बावजूद निरंतर खरीदी अगले माह के अंत तक बने रहने के प्रबल आसार बनते नजर आ रहे हैं।

इसलिए इतरा रहा गेंदा

 

वैवाहिक तारीखें और हो रहे धार्मिक आयोजन, तो गेंदा पर मांग का दबाव बनाए हुए हैं लेकिन निकाय चुनाव की डिमांड से गेंदा इतरा रहा है। भले ही सभी प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं हुए हैं लेकिन भरपूर मांग की प्रबल संभावना है। इसलिए व्हाइट ऑरेंज गेंदा 100 से 150 रुपए किलो और रेड ऑरेंज गेंदा 200 से 250 रुपए किलो पर पहुंच गया है। भाव में यह मजबूती पूरे फरवरी माह तक बने रहने की संभावना है।

 

चेन और वेणी

रजनीगंधा भले ही 20 रुपए प्रति स्टीक जैसी कीमत पर शांत हो लेकिन चेन के बढ़ते चलन ने मांग में बनाए रखा है, जिसकी कीमत 30 रुपये बोली जा रही है। सेवंती ने अभी-अभी दस्तक दी है लेकिन 40 से 50 प्रति वेणीं की दर रजनीगंधा से आगे बढ़ा सकती है क्योंकि वैवाहिक आयोजनों के लिए खूब खरीदे जा रहे हैं। इसके अलावा छोटी मालाएं भी मांग में आने लगीं हैं। इसलिए भविष्य बेहतर माना जा रहा है।

मजबूत है गुलाब

फूलों का राजा माना जाता है गुलाब को। शिखर पर रहने वाला गुलाब अपने दीगर साथियों को देखकर मुस्कुरा रहा है क्योंकि बड़े और गरिमामयी आयोजनों की शुरुआत उससे ही होती है। पूरे साल मांग में रहता आया गुलाब, इस बार 20 से 30 रुपए प्रति स्टिक पर मजबूत है। बेहतर मांग को देखते हुए फूल बाजार ने बेंगलुरु और नागपुर से गुलाब के लिए अग्रिम सौदे कर लिए हैं।

Related Articles

Back to top button