SuShasan Tihar : सुशासन तिहार के बीच कोरबा में हंगामा…! जिला पंचायत अध्यक्ष का बड़ा धरना…CEO पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
जिला पंचायत गेट पर धरने पर बैठे अध्यक्ष
कोरबा, 11 मई। SuShasan Tihar : कोरबा में सुशासन तिहार के बीच जिला पंचायत परिसर में बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक विवाद सामने आया है। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने जिला पंचायत CEO दिनेश कुमार नाग पर भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाते हुए जिला पंचायत कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया।
धरने में कई जिला पंचायत सदस्य भी शामिल हुए और CEO के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। मामला उस समय गरमा गया जब जिला खनिज न्यास संस्थान (DMF) की बैठक से पहले पंचायत प्रतिनिधियों को CEO से मिलने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
मीडिया से चर्चा में जिला पंचायत अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों को जानबूझकर रोका जा रहा है और DMF मद से विकास कार्यों की स्वीकृति में लगातार बाधा डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत सदस्यों की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
धरने के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने विकास कार्यों में कमीशनखोरी के गंभीर आरोप भी लगाए। उनका कहना था कि अधिकारियों द्वारा “ऊपर तक पैसा पहुंचाने” के नाम पर ठेकेदारों और पंचायतों पर दबाव बनाया जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि एक महीने के भीतर CEO के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो जिला पंचायत कार्यालय में ताला जड़ दिया जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम ने राज्य सरकार के सुशासन तिहार अभियान पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



