देश

Sensation in Bengal : शुभेंदु अधिकारी के करीबी चंद्रनाथ रथ की सरेराह गोली मारकर हत्या…10 राउंड फायर…सीने में उतारी गोलियां

BJP-TMC टकराव के बीच बड़ी वारदात

कोलकाता, 07 मई। Sensation in Bengal : पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने कार रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की। BJP ने TMC पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद जारी हिंसा के बीच बुधवार रात एक बड़ी राजनीतिक वारदात ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की उत्तरी 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में उनकी कार का पीछा किया और फिर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।

स्कॉर्पियो रोककर बरसाईं गोलियां

जानकारी के मुताबिक, देर रात चंद्रनाथ रथ अपनी स्कॉर्पियो कार से गुजर रहे थे। ड्राइवर गाड़ी चला रहा था जबकि चंद्रनाथ आगे की सीट पर बैठे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध कार काफी देर तक उनकी गाड़ी का पीछा करती रही। कुछ देर बाद पीछा कर रही कार अचानक आगे आई और अपनी स्पीड धीमी कर दी। मजबूरी में चंद्रनाथ की कार भी धीमी हुई और तभी बाइक सवार हमलावरों ने बेहद करीब से गोलियां चलानी शुरू कर दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की। कई गोलियां सीधे चंद्रनाथ रथ के सीने में लगीं। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बीजेपी नेताओं का दावा है कि उनके शरीर से पांच गोलियां निकाली गईं। हमले में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका कोलकाता के SSKM अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावर जिस बाइक पर आए थे, उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी। घटनास्थल से खाली कारतूस और जिंदा गोलियां बरामद हुई हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमले में ऑस्ट्रिया निर्मित Glock पिस्टल का इस्तेमाल किया गया हो सकता है, हालांकि अंतिम पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही होगी। पश्चिम बंगाल के DGP सिद्धार्थ नाथ गुप्ता ने बताया कि इस मामले से जुड़ी एक संदिग्ध गाड़ी को जब्त किया गया है। पुलिस को उसमें से चले हुए कारतूस और जिंदा गोलियां मिली हैं। कई CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और इलाके में जांच तेज कर दी गई है। इस हत्या के बाद बंगाल की राजनीति गरमा गई है। बीजेपी ने सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोला है। बीजेपी विधायक तरुणज्योति तिवारी ने कहा कि टीएमसी की राजनीति हिंसा पर आधारित है। वहीं TMC ने आरोपों को खारिज करते हुए घटना की निंदा की है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। इधर बशीरहाट में भी झंडा लगाने (West Bengal Violence) को लेकर हुई झड़प में गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिससे राज्य में तनाव और बढ़ गया है। चुनाव नतीजों के बाद बंगाल के कई इलाकों में हिंसा, आगजनी और राजनीतिक टकराव की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।  

Related Articles

Back to top button